Monday, December 15, 2025
छह दशकों की शैक्षिक साधना: के.वि.सं. ने देशभक्ति के उल्लास के साथ मनाया 63वां स्थापना दिवस
नई दिल्ली, 15 दिसंबर 2025: केन्द्रीय विद्यालय संगठन ने अपनी 60 वर्षों से अधिक की गौरवशाली यात्रा के उपलक्ष्य में 63वाँ स्थापना दिवस राजधानी दिल्ली स्थित डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन सभागार, पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय क्र. 2, दिल्ली कैंट में हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया। इस अवसर पर संगठन की राष्ट्रनिर्माण में निभाई गई प्रेरणादायी भूमिका का भावपूर्ण स्मरण किया गया। इस गरिमामय समारोह में श्री संजय कुमार, आईएएस, सचिव, स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की। कार्यक्रम में सुश्री प्राची पांडेय, उपाध्यक्ष, केन्द्रीय विद्यालय संगठन एवं संयुक्त सचिव, शिक्षा मंत्रालय तथा शिक्षा मंत्रालय के अंतर्गत विभिन्न स्वायत्त संस्थानों के प्रमुखों की गरिमामयी उपस्थिति रही। समारोह में उपस्थित अतिथियों ने पीएम श्री विद्यालय, व्यावसायिक शिक्षा, भारतीय ज्ञान परंपरा, समावेशी शिक्षा एवं मिशन लाइफ विषयों पर आधारित प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन भी किया। कार्यक्रम के दौरान पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालयों में 182 नवाचार एवं कौशल केंद्रों का वर्चुअल उद्घाटन भी किया गया, जिससे भविष्य उन्मुख शिक्षण व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकेगा।कार्यक्रम की शुरुआत गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन की रस्म के साथ हुई। तत्पश्चात केन्द्रीय विद्यालय संगठन के आयुक्त श्री विकास गुप्ता ने अपने स्वागत उद्बोधन में संगठन की भावी दिशा और संकल्पों को साझा किया। उन्होंने कहा कि वे ऐसे संगठन का प्रतिनिधित्व करते हुए गौरव का अनुभव कर रहे हैं, जिसने विभिन्न अर्थों और रूपों में राष्ट्र निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाई है। श्री गुप्ता ने आश्वासन दिया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति–2020 में निहित सभी नवाचारों को प्रभावी रूप से विद्यालयों में लागू किया जाएगा। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह को विशेष बना दिया। केन्द्रीय विद्यालय, पुष्प विहार के विद्यार्थियों द्वारा श्रीमद्भगवद्गीता के श्लोक पाठ, विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक नृत्य-मालिका तथा डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय विद्यालय द्वारा प्रस्तुत नाट्य प्रस्तुति “शिक्षक: एक शिल्पकार” ने दर्शकों को गहराई से प्रभावित किया। विवशिष्ट पूर्व विद्यार्थी जनरल अनिल चौहान, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ तथा ग्रुप कैप्टन अजीत कृष्णन प्रेरक वीडियो संदेशों ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों में नया उत्साह भरा। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि श्री संजय कुमार ने अपने संबोधन में केन्द्रीय विद्यालय संगठन को विद्यालयी शिक्षा के क्षेत्र में एक सशक्त राष्ट्रीय संस्था बताते हुए 63वें स्थापना दिवस की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि यदि देश में कहीं गुणवत्तापूर्ण और मानकीकृत शिक्षा उपलब्ध है, तो वह केन्द्रीय विद्यालयों में है। समारोह में “इनोवेट एंड एजुकेट – पीएम श्री के.वि. में सर्वोत्तम अभ्यास”, शैक्षिक विधियों पर पुस्तक (खंड–5), प्रशिक्षण एवं विकास सप्ताह स्मारिका तथा के.वि.सं. कैलेंडर–2026 सहित कई महत्वपूर्ण प्रकाशनों का विमोचन किया गया। कार्यक्रम का समापन श्री दीपेश गहलोत, अपर आयुक्त (प्रशा.) द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद ज्ञापन तथा वंदे मातरम् एवं राष्ट्रगान के साथ गरिमापूर्वक हुआ।
Subscribe to:
Post Comments (Atom)
के.वि.सं. की विकास यात्रा के शिल्पकार
नई दिल्ली: वर्ष 1963 में स्थापित केन्द्रीय विद्यालय संगठन (के.वि.सं.) ने देश में गुणवत्तापूर्ण एवं समावेशी शिक्षा के प्रसार में महत्वपूर्ण ...
No comments:
Post a Comment