Tuesday, November 25, 2025
पावरलिफ्टिंग में स्वर्णिम सफलता—डॉ. रैना बनीं प्रेरणा की नई पहचान
मध्य प्रदेश के उज्जैन में एपमी पावरलिफ्टिंग संगठन द्वारा आयोजित पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में पीएम श्री केन्द्रीय वेद्यालय छतरपुर में भौतिक विज्ञान की स्नातकोत्तर शिक्षिका डॉ. प्रीति रैना ने अपने बल का शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय एवं समस्त के.वि.सं. परिवार को गौरवान्वित किया। उन्होंने पावरलिफ्टिंग के 52 किलोग्राम भार वर्ग में श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। डॉ. प्रीति रैना ने इस उपलब्धि के साथ स्पष्ट किया कि दृढ़ निश्चय शक्ति से अपने सपनों को साकार किया जा सकता है। के.वि. की शिक्षिका का पढ़ाई के साथ खेल-कूद में भी अव्वल आना हमारे प्रधानमंत्री के उस सपने के साकार होने जैसा है, जिसके लिए उन्होंने फिट इंडिया मूवमेंट की शुरुआत की है।
Monday, November 17, 2025
के.वि.सं. आयुक्त ने किया पीएम श्री के.वि. रोहतक का निरीक्षण, वोकेशनल लैब का किया उद्घाटन
रोहतक, 15 नवंबर 2025: केन्द्रीय विद्यालय संगठन की आयुक्त सुश्री प्राची पाण्डेय ने पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय रोहतक का निरीक्षण किया। विद्यालय पहुंचने पर विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्ण जनजातीय नृत्य और प्रेरणादायी वंदे मातरम् की प्रस्तुति देकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। अपने निरीक्षण के दौरान आयुक्त महोदया ने पीएम श्री योजना के अंतर्गत स्थापित वोकेशनल लैब का विधिवत उद्घाटन किया। यह लैब विद्यार्थियों में कौशल आधारित, अनुभवात्मक एवं रोजगारोन्मुखी शिक्षा को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। विद्यालय में नवाचार, सहभागिता और शैक्षिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया यह दौरा संपूर्ण विद्यालय समुदाय के लिए अत्यंत प्रेरणादायी सिद्ध हुआ।
Saturday, November 15, 2025
69वें राष्ट्रीय स्कूल गेम्स में के.वि. की बेटियों का जलवा
69वें राष्ट्रीय स्कूल गेम्स में केन्द्रीय विद्यालय संगठन की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैम्पियन का खिताब अपने नाम किया। जम्मू के भगवती नगर स्थित इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में जम्मू-कश्मीर के युवा सेवा एवं खेल विभाग द्वारा स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वाधान में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता के अंडर-19 बालिका ताइक्वांडो वर्ग में के.वि.सं. की छात्राओं ने टीम भावना, अनुशासन और शानदार खेल कौशल का परिचय देते हुए कुल 4 पदक (1 स्वर्ण और 3 रजत) जीते। अपनी प्रभावशाली प्रदर्शन श्रृंखला के दम पर टीम ने कुल 22 अंक अर्जित किए और प्रथम स्थान प्राप्त किया।
Monday, November 10, 2025
राष्ट्रपति से मुलाकात
पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय, बड़वानी की मेधावी छात्रा भावना जगदाले का चयन स्पेस कीड्स इंडिया द्वारा संचालित प्रतिष्ठित मिशन ‘शक्तिशत’ के लिए हुआ है। इस उपलब्धि के तहत उन्हें देशभर के केवल 20 युवा नवोन्मेषकों के साथ राष्ट्रपति भवन में भारत की माननीय राष्ट्रपति से मिलने का अवसर मिला। भावना वर्तमान में इसरो से जुड़े 120 घंटे के विशेष प्रशिक्षण में भाग ले रही हैं, जो उन्हें अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में अपने सपनों को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम प्रदान कर रहा है।
Subscribe to:
Posts (Atom)
के.वि.सं. की विकास यात्रा के शिल्पकार
नई दिल्ली: वर्ष 1963 में स्थापित केन्द्रीय विद्यालय संगठन (के.वि.सं.) ने देश में गुणवत्तापूर्ण एवं समावेशी शिक्षा के प्रसार में महत्वपूर्ण ...



