Thursday, May 8, 2025

केन्द्रीय विद्यालयः देशभक्ति की पाठशाला


दिल्ली।सन 1963 में जब केन्द्रीय विद्यालयों की स्थापना हुई, तभी से इसका मुख्य उद्देश्य अपने विद्यार्थियों में भारतीयता का भाव, देशभक्ति के जज़्बे को जागृत करना और उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना रहा है। अनेक अवसरों में केन्द्रीय विद्यालयों के विद्यार्थी अपनी मेधा और शौर्य का परचम लहराते रहे हैं। चाहे वह सर्जिकल स्ट्राइक के नायक ग्रुप कैप्टेन अभिनंदन वर्धमान हों, ओलंपिक विजेता कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौर हों, या फिर कारगिल के वीर शहीद कैप्टेन सौरभ कालिया, केन्द्रीय विद्यालयों के विद्यार्थी देश की सैन्य सेवाओं में अपनी विशेष भूमिका निभा रहे हैं,वहीं  एक बार फिर केन्द्रीय विद्यालय की एक विद्यार्थी ने राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियां बटोरी हैं। 6-7 मई 2025 की मध्यरात्रि को पहलगाम आतंकी हमले के विरुद्ध भारतीय सेना ने पाकिस्तान के अंदर एक निर्णायक कार्रवाई कर आतंकियों के ठिकानों को नष्ट कर दिया। इस विषय में मीडिया को संबोधित किया केन्द्रीय विद्यालय की पूर्व छात्रा लेफ्टिनेंट कर्नल सोफिया कुरैशी ने।

देशभक्ति की मिसालः के.वि. विद्यार्थी सोफिया कुरैशी

22 अप्रैल 2025 को निहत्थे पर्यटकों पर हुए आतंकवादी हमले के बाद पूरे देश में गुस्से की लहर थी। चारों ओर पाकिस्तान को कड़ा जवाब देने की मांग उठ रही थी। 6-7 मई की दरमियानी रात को भारतीय सेना पाकिस्तान स्थित आतंकी ठिकानों पर कहर बनकर टूटी। इस विषय को राष्ट्रीय मीडिया के सामने रखा भारत की दो वीर महिला सैन्य अधिकारियों ने। इनमें लेफ्टिनेंट कर्नल सोफिया कुरैशी केन्द्रीय विद्यालय ईएमई वडोदरा की विद्यार्थी रही हैं। उन्होंने प्रेस वार्ता में स्पष्ट शब्दों में कहा, “यह तो बस शुरुआत है। यदि पाकिस्तान की ओर से कोई और हरकत हुई, तो उन्हें इससे भी बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी।” यह बयान केवल सैन्य संकल्प नहीं था, बल्कि उस गहरी राष्ट्रभक्ति की झलक भी थी, जो केन्द्रीय विद्यालय की शिक्षा प्रणाली अपने विद्यार्थियों में पहले दिन से ही विकसित करती है।

के.वि. के गौरव विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान

लेफ्टिनेंट कर्नल सोफिया की तरह ही विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान ने भी बंग्लुरू के दो केन्द्रीय विद्यालयों से अपनी शिक्षा प्राप्त की है। पुलवामा हमले के बाद जब भारत ने पाकिस्तान में घुसकर आतंकी ठिकानों पर हमला किया, तब अभिनंदन ने अपने मिग-21 विमान से दुश्मन को चुनौती दी। दुर्भाग्यवश उनका विमान क्रैश हो गया और वे पाकिस्तान के कब्जे में आ गए। लेकिन उन्होंने अपना साहस, पराक्रम और धैर्य नहीं खोया। शत्रु देश से उनकी सकुशल घर वापसी हुई। न केवल केन्द्रीय विद्यालय संगठन अपितु पूरे देश को उन पर गर्व है।

केन्द्रीय विद्यालय यानि मिनी इंडिया

प्रत्येक केन्द्रीय विद्यालय को मिन इंडिया कहा जाता है। ऐसा इसलिए क्योंकि स्थानांतरणीय कर्मचारियों के लिए खोले गए केन्द्रीय विद्यालयों में हर राज्य के विद्यार्थी एक ही छत के नीचे पढ़ते हुए नज़र आते हैं। विभिन्न भाषा भाषी और विभिन्न राज्यों से आए विद्यार्थियों में एक दूसरे की भाषा, भोजन व संस्कृति के प्रति स्वतः आदर का भाव बन जाता है। विद्यालयों में आयोजित की जाने वाली एक भारत श्रेष्ठ  भारत, एनसीसी और सीमा दर्शन जैसी गतिविधियां उनको राष्ट्र प्रेम की दिशा में और अधिक प्रेरित करते हैं।

केंद्रीय विद्यालय केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं है, बल्कि यह बच्चों के सर्वांगीण विकास का एक सशक्त माध्यम है। यहाँ शैक्षणिक ज्ञान के साथ-साथ खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियाँ, नैतिक शिक्षा और रचनात्मकता को भी समान महत्व दिया जाता है। आधुनिक सुविधाएं, योग्य शिक्षक और राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देने वाली शिक्षा प्रणाली इसे एक आदर्श विद्यालय बनाती हैं। 

कर्नल सोफिय के बहाने हम आज केन्द्रीय विद्यालय संगठन और उसके शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हैं। हालांकि राष्ट्रभक्ति की भावना केवल किसी संस्थान तक सीमित नहीं होती, बल्कि यह देश के प्रत्येक नागरिक के अंतःकरण का एक पवित्र भाव होता है। यदि इस भाव को सही मार्गदर्शन और प्रेरणा मिले तो इसे नए पंख मिल जाते हैं। वर्ष 1963 से केन्द्रीय विद्यालय संगठन इसी दिशा में प्रयासरत है।




No comments:

Post a Comment

के.वि.सं. की विकास यात्रा के शिल्पकार

नई दिल्ली: वर्ष 1963 में स्थापित केन्द्रीय विद्यालय संगठन (के.वि.सं.) ने देश में गुणवत्तापूर्ण एवं समावेशी शिक्षा के प्रसार में महत्वपूर्ण ...