पूर्वोत्तर भारत को समग्र भारत की मुख्यधारा से जोड़ने तथा उसके सर्वांगीण विकास को गति देने हेतु प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी निरंतर कार्य कर रहे हैं। इस दिशा में केवल सरकार ही नहीं, बल्कि पूर्वोत्तर के युवा भी अपने क्षेत्र की उन्नति और पहचान को लेकर अथक प्रयास कर रहे हैं।
इन युवाओं ने विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए पूर्वोत्तर राज्यों के विद्यार्थियों को विशेष रूप से मंच प्रदान करने के लिए ‘दीनानाथ पांडे स्मार्ट आइडिया इनोवेशन अवॉर्ड’ का आयोजन किया जाता है।
यह प्रतियोगिता विशेष रूप से पूर्वोत्तर भारत के युवाओं के लिए आयोजित की जाती है, जिसमें नवाचार, तकनीकी कौशल और सामाजिक उपयोगिता जैसे मानकों पर छात्रों के विचारों को परखा जाता है। इसी क्रम में इस वर्ष, केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक 3, आरआरएल जोरहाट की कक्षा 8वीं की छात्रा, आइशी बोराह ने अपने बेहतरीन प्रदर्शन से यह प्रतिष्ठित अवॉर्ड अपने नाम किया है।
उन्हें यह सम्मान समाचार पत्र मल्चिंग और अपशिष्ट कागज से पेंसिल बनाने की मशीन जैसे अभिनव विचारों के लिए प्रदान किया गया। आइशी बोराह की इस उपलब्धि से न केवल पूर्वोत्तर भारत की प्रतिभाओं को नई पहचान मिली है, बल्कि यह देश के लिए नवाचार की दिशा में उभरती हुई एक सशक्त और प्रेरणादायक पीढ़ी की ओर भी संकेत करती है।

No comments:
Post a Comment