दिल्ली। अमृत काल में भारतीय भाषाओं के प्रभुत्व को बढ़ाने के उद्देश्य से सोमवार को केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने भारतीय भाषा समर कैंप का शुभारंभ किया। साथ ही उन्होंने 13 भारतीय भाषाओं में विकसित प्राइमर पुस्तकों और विशेष मॉड्यूल्स का लोकार्पण भी किया।
शिक्षा मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि यह पहल
बच्चों को अपनी पसंदीदा भारतीय भाषा सीखने का अवसर प्रदान करेगी तथा इन प्राइमर
पुस्तकों के माध्यम से भारतीय भाषाओं के बीच सेतु स्थापित किया जा सकेगा। उन्होंने
इस महत्वपूर्ण पहल के लिए भारतीय भाषा समिति के अध्यक्ष श्री चमू कृष्ण शास्त्री
एवं एनसीईआरटी के सभी सहयोगियों का आभार प्रकट किया।
श्रेष्ठ भारत का उत्कृष्ट उदाहरण
शिक्षा मंत्री ने आगे कहा कि यह पहल न केवल पढ़ाई में
मातृभाषा को जोड़ने की दिशा में एक परिवर्तनकारी कदम है, बल्कि भारत की समृद्ध भाषाई विरासत को भी सशक्त
बनाएगी। यह वास्तव में "एक भारत श्रेष्ठ भारत" का उत्कृष्ट
उदाहरण है। उन्होंने बताया कि अब तक 13 भारतीय भाषाओं को शामिल करते हुए 117
द्विभाषी या त्रिभाषी प्राइमर तैयार किए जा चुके हैं, और सरकार शीघ्र ही 122 प्राइमर का लक्ष्य पूरा कर
लेगी। यह कार्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अंतर्गत भाषा आधारित शिक्षा को ज़मीन पर
उतारने में मददगार सिद्ध होगा।
शिक्षा मंत्री ने यह भी बताया कि आज एनसीईआरटी की पाठ्यपुस्तकें देश के 22 राज्यों में पाठ्यक्रम का हिस्सा बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि अब हमारे लिए एनसीईआरटी की पुस्तकें भागवत गीता, कुरान और बाइबल के समान आदरणीय हो चुकी हैं।
बिहार की बेटी के कौशल की सराहना
अपने भाषण में प्रधान ने तमिलनाडु में पली-बढ़ी बिहार
की जिया कुमारी का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि जिया ने हाल ही में दसवीं
की परीक्षा में तमिल भाषा में 93 अंक प्राप्त किए। उन्होंने कहा कि जिया कुमारी
जैसे विद्यार्थियों ने उन लोगों की आँखें खोल दी हैं जो देश में भाषा के आधार पर
विभाजन की राजनीति करना चाहते हैं। ऐसे समय में जब भारत अपनी सांस्कृतिक विरासत के
साथ चहुंमुखी विकास की ओर अग्रसर है, यह आयोजन
अत्यंत प्रासंगिक बन जाता है।
उन्होंने बल दिया कि भारत को विकसित राष्ट्र और विश्व
की नंबर 1 अर्थव्यवस्था बनाने के लिए हमें कम से कम कक्षा 8 तक की शिक्षा मातृभाषा
में उपलब्ध कराने की दिशा में तेज़ी से कार्य करना होगा।
केन्द्रीय विद्यालय के विद्यार्थियों ने बांधा समां
इस आयोजन में केन्द्रीय विद्यालय के विद्यार्थियों ने
विशेष प्रस्तुति देकर समां बाँध दिया। उन्होंने सात भारतीय भाषाओं में गीत गाया और
विभिन्न राज्यों के पारंपरिक परिधान पहनकर नृत्य प्रस्तुतियाँ दीं। इस अवसर पर
विद्यार्थियों ने केन्द्रीय शिक्षा मंत्री से शिष्टाचार भेंट भी की। मंत्री जी ने
छात्रों के साथ हँसी-मज़ाक करते हुए आत्मीय बातचीत की और उनकी प्रतिभा की सराहना
की।





No comments:
Post a Comment