Monday, May 19, 2025

वर्षों का सपना हुआ साकार: शिक्षा मंत्री ने कुचिंदा को दिया “केन्द्रीय विद्यालय” का तोहफा

 

संबलपुर। देशभर में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक और अहम कदम उठाते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने शुक्रवार को ओडिशा के संबलपुर जिले के कुचिंदा में केन्द्रीय विद्यालय के अस्थायी परिसर का उद्घाटन किया तथा मंत्रिमुंडा गांव में इसके स्थायी भवन की आधारशिला भी रखी।

इस उद्घाटन के साथ ही भुवनेश्वर संभाग के अंतर्गत संचालित केन्द्रीय विद्यालयों की संख्या बढ़कर 71 हो गई है। उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार द्वारा दिसंबर 2024 में देशभर में 85 नए केन्द्रीय विद्यालयों की स्थापना की घोषणा की गई थी, जिनमें से 8 विद्यालय ओडिशा में स्वीकृत किए गए हैं। इन्हीं में से एक कुचिंदा स्थित विद्यालय है।

छात्रों और शिक्षकों को किया संबोधित

केन्द्रीय विद्यालय के उद्घाटन के पश्चात शिक्षा मंत्री ने विद्यालय परिसर में उपस्थित विद्यार्थियों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा, शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाने और ओडिशा के साथ देश के भविष्य को सशक्त बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। आने वाले समय में कुचिंदा शिक्षा के क्षेत्र में देश को नई पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाएगा।

पीएम मोदी ने कुचिंदा वासियों का सपना किया साकार

शिक्षा मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कुचिंदा के लोगों का वर्षों पुराना सपना था कि उनके क्षेत्र में भी केन्द्रीय विद्यालय की स्थापना हो। आज प्रधानमंत्री ने इस सपने को साकार किया है, जिसके लिए वे उनके प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हैं।

नर्सरी स्कूल की होगी शुरुआत

शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने घोषणा की कि चालू शैक्षणिक सत्र से केन्द्रीय विद्यालय कुचिंदा के अस्थायी भवन में नर्सरी कक्षा की भी शुरुआत की जाएगी और यहां कक्षा 1 से 5वीं तक के 200 से अधिक छात्र पढ़ाई करेंगे तथा भविष्य में इस संख्या को बढ़ाकर 1200 तक ले जाने की योजना है।

पीएम श्री योजना के तहत विकसित होंगे स्कूल

कुचिंदा में शिक्षा एक सामाजिक सरोकार बताते हुए उन्होंने घोषणा कि की पीएम श्री योजना के अंतर्गत क्षेत्र में 6 स्कूलों को विकसित किया जाएगा। साथ ही, हर पंचायत में गोदावरीश मिश्र आदर्श प्राथमिक विद्यालय स्थापित करने की योजना है। इसके अलावा क्षेत्र के सभी हाई स्कूलों में इंटरनेट और ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी की भी व्यवस्था की जाएगी।

No comments:

Post a Comment

के.वि.सं. की विकास यात्रा के शिल्पकार

नई दिल्ली: वर्ष 1963 में स्थापित केन्द्रीय विद्यालय संगठन (के.वि.सं.) ने देश में गुणवत्तापूर्ण एवं समावेशी शिक्षा के प्रसार में महत्वपूर्ण ...