पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय नं. 2, जलाहल्ली, बंगलुरु के कक्षा 12वीं की होनहार विद्यार्थी कुमारी देविका अश्विन देसाई ने विश्व मंच पर एक ऐसा इतिहास रचा है, जो हमेशा यादगार रहेगा। दरअसल, 5 से 13 अक्टूबर 2024 तक दक्षिण अफ्रीका के साउथ सिटी में आयोजित हुए राष्ट्रमंडल पावरलिफ्टिंग और बेंच प्रेस चैंपियनशिप में देविका ने 8 स्वर्ण पदक जीते। इस जीत से उन्होनें न केवल भारत का मान बढ़ाया, बल्कि अपनी अदम्य शक्ति और समर्पण का अद्भुत प्रदर्शन भी किया। देविका की यह उपलब्धि हर भारतीय के दिल में गर्व का अहसास कराती है।
इसके पहले इवेंट 'क्लासिक पावरलिफ्टिंग' में देविका ने 4 स्वर्ण पदक जीते, तो वहीं दूसरे इवेंट 'इक्विप्ड पावरलिफ्टिंग' में उन्होंने फिर से 4 स्वर्ण पदक जीते।
दोनों प्रतियोगिताओं में देविका ने निम्नलिखित श्रेणियों में स्वर्ण पदक जीते:
1. स्क्वाट: स्वर्ण पदक
2. बेंच प्रेस: स्वर्ण पदक
3. डेडलिफ्ट: स्वर्ण पदक
4. ओवरऑल टोटल: स्वर्ण पदक
देविका की यह जीत न सिर्फ उनका व्यक्तिगत सम्मान है, बल्कि पूरे केंद्रीय विद्यालय परिवार के लिए गर्व का पल है। अपने समर्पण और कड़ी मेहनत से उन्होंने साबित कर दिया कि दृढ़ निश्चय के साथ कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। भारत से दक्षिण अफ्रीका तक, उनकी उपलब्धियाँ हर विद्यार्थी के लिए प्रेरणास्रोत हैं और देश का गौरव बढ़ाती हैं।

No comments:
Post a Comment