योग क्या है, योग के क्या फायदे हैं और योग क्यों ज़रूरी है? इन सभी प्रश्नों का उत्तर शायद आपको इंटरनेट के हर कोने में मिल जाए, लेकिन क्या आप सच में योग के असल महत्व को जानने की इच्छा रखते हैं, या आपने इसे अपनी असल ज़िंदगी में अपनाने की कोशिश भी की है? यह तो निश्चित है कि इसे पढ़ने वाले ज्यादातर लोग योग से जुड़े अपने सवालों को इंटरनेट पर ढूंढते हुए इस लेख पर आ चुके हैं।
सर्वप्रथम आपको बता दें योग सिर्फ कुछ दिनों की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ जीवन की वह कुंजी है जो हमें सदैव रोगमुक्त जीवन की दिशा दिखाता है। किसी भी बीमारी का इलाज योग से होकर ही गुजरता है, आज न जाने कितनी ही ऐसी घातक बीमारियां होंगी जिन्हें मेडिकल उपचार के साथ-साथ योग द्वारा भी जड़ से खत्म किया जा रहा है। यही कारण है कि डॉक्टर से लेकर हमारे बड़े-बूढ़े तक सभी हमें हमेशा योग करने की ही सलाह देते हैं।
कई बार इस सलाह को हम अपने जीवन में अपनाते भी हैं, लेकिन कुछ ही दिनों के भीतर यह सलाह अक्सर कागज़ी पन्नों और सोशल मीडिया पर एक पोस्ट बनकर सीमित रह जाती है। अब सवाल यह उठता है कि क्या इस आधुनिक दुनिया में योग सिर्फ एक सामान्य ज्ञान बनकर रह गया है? क्या यह हमारी दिनचर्या का महत्वपूर्ण हिस्सा नहीं बन सकता? तो बता दें कि इन सभी सवालों का उत्तर देते हुए केन्द्रीय विद्यालय संगठन योग के असल महत्व को जानने की दौड़ में काफी आगे निकल चुका है। जहां विद्यार्थियों का जीवन, सिर्फ किताबी ज्ञान प्राप्त करना ही नहीं है, अपितु शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक विकास की ओर ध्यान देना भी है। यही कारण है कि केवीएस ने योग के महत्व को देखते हुए देश के सभी केन्द्रीय विद्यालयों में इसे एक महत्वपूर्ण विषय और नियम के रूप में अपनाया है, जहां विद्यार्थियों से लेकर शिक्षक दोनों ही नियमित रूप से योग और व्यायाम करते हैं, ताकि योग करने से उनके जीवन में कई सकारात्मक बदलाव आ सकें।
योग के महत्व को और भी उजागर तब किया जाता है जब 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भारत के सभी केन्द्रीय विद्यालयों में कई महत्वपूर्ण गतिविधियों का शुभारंभ कर विद्यालय के वातावरण में स्वस्थ जीवन की एक झलक दिखती है। इस दौरान सभी केन्द्रीय विद्यालयों में विद्यार्थी, शिक्षक और विद्यालय के प्रत्येक कर्मचारी मिलकर योग और व्यायाम करते हैं। इस दिन के माध्यम से सभी को यह संदेश मिलता है कि योग सिर्फ शारीरिक स्वास्थ्य प्रदान नहीं करता बल्कि हमें मानसिक रूप से भी सशक्त करता है।
इस समारोह के उपरांत विद्यालय में योग की महत्वकांक्षा घटती नहीं है बल्कि विद्यालय में प्रत्येक दिन विद्यार्थियों को योग कराया जाता है। इसके अतिरिक्त विद्यालयों में योग से जुड़े कई प्रतियोगिताएं भी निरंतर कराई जाती हैं, जिसमें भाषण, लेखन, पोस्टर और योग की अन्य क्रियाएं शामिल हैं। इन प्रक्रियाओं के माध्यम से विद्यार्थी योग अपनाते हैं और परीक्षा से लेकर जीवन के हर मुश्किल पड़ाव का सामना स्वस्थ रह आसानी से कर पाते हैं। इसलिए कहा जाता है स्वस्थ जीवन का एक ही मंत्र है-“योग करें, निरोग रहें”

No comments:
Post a Comment