Friday, August 16, 2024

केन्द्रीय विद्यालयों के हरित भवनः शिक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण

किसी भी संगठन के सफल संचालन में उसकी संरचनात्मक सुविधाओं का अहम योगदान होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए, केन्द्रीय विद्यालय संगठन (के.वि.सं.) ने अपने सभी केन्द्रीय विद्यालयों के भवनों, स्टाफ क्वार्टरों आदि के निर्माण और देखरेख पर विशेष जोर दिया है। सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों और उच्च शिक्षण संस्थानों के अलावा, अन्य सभी विद्यालयों के लिए यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि इन भवनों का सही ढंग से मरम्मत और रखरखाव हो। इससे विद्यार्थियों और शिक्षकों को एक सुरक्षित और अनुकूल वातावरण मिल सके, जो उनके सर्वांगीण विकास में सहायक हो।

1254 में से 1046 केन्द्रीय विद्यालयों में स्थायी भवनों की सुविधा

31 मार्च 2024 की स्थिति के अनुसार, केन्द्रीय विद्यालय संगठन के 1254 विद्यालयों में से 1046 विद्यालय अपने खुद के स्थायी भवनों में चल रहे हैं। जहां इन 1046 विद्यालयों में से 153 परियोजना क्षेत्र और उच्च शिक्षण संस्थानों में स्थित हैं, जबकि 03 के.वि. विदेशों में स्थित हैं। इसके अलावा, 890 विद्यालय सिविल और रक्षा क्षेत्र में स्थित हैं। 

शेष 208 विद्यालय अभी अस्थायी भवनों में चल रहे हैं, लेकिन इनमें से 109 विद्यालयों में स्थायी भवनों का निर्माण विभिन्न चरणों में है। इसके अलावा 53 विद्यालयों का निर्माण कार्य जल्द ही शुरू किया जाएगा, जबकि शेष 46 विद्यालयों के लिए प्रायोजक एजेंसी द्वारा भूमि हस्तांतरण की विभिन्न कार्यवाही अभी पूरी होनी बाकी है।   


केन्द्रीय विद्यालय के हरित भवन और सौर ऊर्जा की ओर बढ़ते कदम

केन्द्रीय विद्यालय संगठन ने अपनी संरचनात्मक सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए कई नई पहलें शुरू की हैं। जिनमें हरित भवन, जल संरक्षण और सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने जैसे मुख्य प्रयास भी शामिल हैं। ये कदम विद्यालय परिसरों को अधिक पर्यावरण-मित्र और दीर्घकालिक रूप से प्रभावी बनाने के उद्देश्य से उठाए गए हैं।

हरित भवन: सभी नए केन्द्रीय विद्यालयों का निर्माण हरित भवन मानदंडों के अनुरूप किया जा रहा है, जिसमें एक्सेसिबल इंडिया कैंपेन (सुगम्य भारत अभियान), कैच द रेन कैंपेन, जल संरक्षण और ऊर्जा संरक्षण जैसे अभियानों के प्रावधानों को समाहित किया गया है।

सौर ऊर्जा: केन्द्रीय विद्यालय संगठन भारतीय सौर ऊर्जा निगम लिमिटेड (एसईसीआई) के माध्यम से रेस्को मॉडल के तहत सभी उपयुक्त केन्द्रीय विद्यालयों के स्थायी भवनों की छतों पर सौर पीवी सिस्टम लगाने की योजना बना रहा है।

जल संरक्षण: निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि केन्द्रीय विद्यालयों के जिन भवनों में मरम्मत का कार्य हो रहा है, वहां उपलब्ध जल आपूर्ति और बिजली फिटिंग को कम प्रवाह वाले जुड़नार और ऊर्जा-बचत उपकरणों से प्रतिस्थापित किया जाए।
 

No comments:

Post a Comment

के.वि.सं. की विकास यात्रा के शिल्पकार

नई दिल्ली: वर्ष 1963 में स्थापित केन्द्रीय विद्यालय संगठन (के.वि.सं.) ने देश में गुणवत्तापूर्ण एवं समावेशी शिक्षा के प्रसार में महत्वपूर्ण ...